Tag: #Bhagwant Mann

  • सीमा पार से चल रहे हथियार तस्करी मॉड्यूल का भंडाफोड़

    सीमा पार से चल रहे हथियार तस्करी मॉड्यूल का भंडाफोड़

    पुर्तगाल से सक्रिय विदेशी हैंडलर के संपर्क में थे गिरफ्तार आरोपी : डीजीपी गौरव यादव

    -आपराधिक तत्वों को आगे सप्लाई करनी थी बरामद की गई खेप : सीपी अमृतसर गुरप्रीत भुल्लर

    चंडीगढ़ / अमृतसर (गगनदीप ः मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के निर्देशों पर पंजाब को सुरक्षित राज्य बनाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी सफलता हासिल करते हुए अमृतसर कमिश्नरेट पुलिस ने नाबालिग सहित छह आरोपियों को सात आधुनिक पिस्तौलों समेत गिरफ्तार कर सीमा पार से चल रहे एक हथियार तस्करी मॉड्यूल का भंडाफोड़ किया है। यह जानकारी पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) पंजाब गौरव यादव ने आज यहां दी।

    गिरफ्तार किए गए व्यक्तियों की पहचान अमृतसर के गांव बुरज के गुरप्रीत सिंह उर्फ गोपी (27), बटाला के सुंदर नगर के मनीष कुमार उर्फ जैरी (24), अमृतसर के गांव चूचकवाल के सरूप सिंह उर्फ रूप (27), अमृतसर के गांव फतेहपुर राजपूता के चमकौर सिंह (20) और तरनतारन के भिखीविंड के वंश शर्मा (23) के रूप में हुई है। बरामद हथियारों में पांच 9 एमएम ग्लॉक पिस्तौल और दो .30 बोर पिस्तौल शामिल हैं।

    डीजीपी गौरव यादव ने बताया कि प्रारंभिक जांच से पता चला है कि आरोपी पुर्तगाल स्थित एक विदेशी हैंडलर के संपर्क में थे, जो ड्रोन के माध्यम से पाकिस्तान से अवैध हथियारों की तस्करी में उनकी मदद करता था। उन्होंने कहा कि आरोपी इन हथियारों की खेप प्राप्त कर उन्हें आगे आपराधिक तत्वों तक पहुंचाते थे।

    डीजीपी ने कहा कि पूरे नेटवर्क को खत्म करने के लिए आगे-पीछे के लिंक स्थापित करने हेतु और जांच की जा रही है।

    पुलिस कमिश्नर (सीपी) अमृतसर गुरप्रीत सिंह भुल्लर ने बताया कि खुफिया सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए पुलिस टीमों ने योजनाबद्ध तरीके से एक नाबालिग समेत गुरप्रीत उर्फ गोपी को गिरफ्तार किया और उसके कब्जे से दो 9 एमएम ग्लॉक पिस्तौल बरामद किए।

    आगे की पूछताछ के दौरान हुए खुलासे के आधार पर उसके साथियों मनीष उर्फ जैरी, सरूप उर्फ रूप और चमकौर सिंह को गिरफ्तार किया गया और उनके कब्जे से तीन और 9 एमएम ग्लॉक पिस्तौल बरामद किए गए। उन्होंने बताया कि बाद में आरोपी चमकौर सिंह द्वारा दी गई जानकारी के आधार पर वंश शर्मा को भी दो .30 बोर पिस्तौलों सहित गिरफ्तार कर लिया गया।

    सीपी ने बताया कि आरोपी मनीष उर्फ जैरी पिछले साल बटाला में पुलिस अधिकारियों पर हुई फायरिंग की घटना में शामिल था और फरार चल रहा था। इसी तरह आरोपी सरूप उर्फ रूप का भी आपराधिक रिकॉर्ड है और उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट और चोरी के कई मामले दर्ज हैं।

    इस संबंध में अमृतसर के पुलिस स्टेशन छावनी में शस्त्र अधिनियम की धारा 25(6), 25(7)(1) और 25(8) के तहत एफआईआर नंबर 42 दिनांक 11-03-2026 को मामला दर्ज किया गया है।

  • विधायक डॉ अजय गुप्ता ने गलियां बनवाने के विकास कार्यों का किया उद्घाटन

    विधायक डॉ अजय गुप्ता ने गलियां बनवाने के विकास कार्यों का किया उद्घाटन

    अमृतसर,19 मार्च (गगनदीप) : केंद्रीय विधानसभा क्षेत्र से विधायक डॉ अजय गुप्ता ने आज अंनगढ़ क्षेत्र बोड़ वाली गली , फतेह सिंह कॉलोनी और प्रीत एवेन्यू की गलियां बनवाने के विकास कार्यों का उद्घाटन किया। विधायक डॉ गुप्ता ने कहा कि केंद्रीय विधानसभा क्षेत्र में तेजी से विकास कार्य जारी रहेंगे। उन्होंने कहा कि केंद्रीय विधानसभा क्षेत्र में लगभग 5 करोड़ रुपए की लागत से गलियां बनवाने के विकास कार्य करवाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि आने वाले दिनों में प्रीमिक्स से सड़के बनवाने के भी विकास कार्य शुरू करवाए जा रहे हैं।

    विधायक डॉ अजय गुप्ता ने कहा कि प्रतिदिन लोगों के बीच जाकर उनकी समस्याओं को सुनकर हल निकाला जाता है। उन्होंने कहा कि जिन क्षेत्रों में आज गलियां बनवाने के विकास कार्य शुरू करवाए गए हैं, उन गलियों की पहले सीवरेज व्यवस्था को ठीक करवाया गया था। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों के लिए फंड की कोई भी कमी नहीं है।

    विधायक डॉ गुप्ता ने कहा कि गर्मी का मौसम शुरू होते ही जिन-जिन क्षेत्रों में पानी की कमी है, वहां पर नए ट्यूबवेल शुरू करवाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि पिछले 4 वर्षों में केंद्रीय विधानसभा क्षेत्र में 50 से अधिक नए ट्यूबवेल शुरू करवाए जा चुके हैं। इसके साथ-साथ पांच और नए ट्यूबवेल शुरू करवाने की मंजूरी दे दी गई है। इस अवसर पर इन क्षेत्र के लोगों ने विकास कार्य शुरू करवाने पर विधायक डॉ गुप्ता का धन्यवाद किया। इस अवसर पर वार्ड इंचार्ज सनप्रीत सिंह भाटिया,वार्ड इंचार्ज गुरदास सिंह, जगतार सिंह जग्गा, राजू भाटिया,रितेश कुमार, बाबू लाल, नगर निगम के अधिकारी और भारी संख्या में क्षेत्र के लोग मौजूद थे।

  • मान सरकार 100% चुनावी वादे पूरे करने वाली आज़ादी के बाद पहली सरकार: धालीवाल

    मान सरकार 100% चुनावी वादे पूरे करने वाली आज़ादी के बाद पहली सरकार: धालीवाल

    मान सरकार हर चुनावी वादे को पूरा करने का सम्मान करती है: धालीवाल

    पूर्व सरकारों के समय चुनावी घोषणापत्र से लोगों का विश्वास उठ चुका था: धालीवाल

    धालीवाल ने जनता दरबार लगाकर लोगों की समस्याएं सुनीं और उनका समाधान किया

    अमृतसर/अजनाला, 19 मार्च (गगनदीप ):आम आदमी पार्टी के प्रदेश मुख्य प्रवक्ता, विधायक और पंजाब के पूर्व कैबिनेट मंत्री श्री कुलदीप सिंह धालीवाल ने कहा कि “पंजाब सरकार के चार साल, मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के साथ” के तहत यह पंजाब के इतिहास में पहली ऐसी सरकार है, जिसने अपने 5 साल के कार्यकाल की बजाय मात्र 4 साल में ही 1000–1500 रुपये प्रति माह सामान्य वर्ग और दलित वर्ग की महिलाओं के खातों में राशि भेजने, राज्य के हर नागरिक को 10 लाख रुपये का मुफ्त स्वास्थ्य बीमा, 90 प्रतिशत घरेलू उपभोक्ताओं को बिना शर्त 600 यूनिट मुफ्त बिजली, 64 हजार सरकारी नौकरियां, 40 लाख परिवारों को ‘मेरी रसोई’ योजना के तहत गेहूं के साथ दाल, हल्दी, नमक, तेल आदि की मुफ्त राशन किट, शिक्षा क्रांति और स्वास्थ्य क्रांति के तहत आम आदमी मोहल्ला क्लीनिक खोलने जैसी ऐतिहासिक जनकल्याणकारी सुविधाएं देकर अपने 100 प्रतिशत चुनावी वादे (घोषणापत्र) पूरे करने का मील का पत्थर स्थापित किया है।

    श्री धालीवाल आज अपने कार्यालय में लोगों की समस्याओं का मौके पर समाधान करने के लिए आयोजित “जनता दरबार” को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि चुनावी गारंटियों, सर्वांगीण विकास, रोजगार और सामाजिक सद्भावना को मजबूत करने के नाम पर बदलाव के रूप में सत्ता में आई भगवंत मान सरकार अपने हर चुनावी वादे का सम्मान करती है।

    उन्होंने कहा कि इससे पहले आज़ादी के बाद पंजाब में सत्ता में रही कांग्रेस और अकाली-भाजपा सरकारों ने कथित तौर पर अपने चुनावी वादे पूरे नहीं किए, जिसके कारण लोगों का चुनावी घोषणापत्र से विश्वास उठ गया था। यहां तक कि लोग इन पार्टियों के घोषणापत्र लागू करवाने के लिए अदालतों का सहारा लेने और केंद्रीय चुनाव आयोग से ऐसी पार्टियों की मान्यता रद्द करने की मांग भी कर रहे थे।

    मुख्यमंत्री भगवंत मान ने “आप” सरकार का चुनावी घोषणापत्र 100 प्रतिशत लागू करके पंजाब के लोगों का विश्वास जीता है। उन्होंने कहा कि इन उपलब्धियों और आगामी 5 वर्षों के लिए नई जनहितैषी गारंटियों के आधार पर वर्ष 2027 में होने वाले पंजाब विधानसभा चुनावों में फिर से जनादेश हासिल कर कांग्रेस, अकाली, भाजपा और अन्य विपक्षी दलों को हराकर भगवंत मान सरकार दोबारा सत्ता में आएगी।

    जनता दरबार के उद्देश्य पर प्रकाश डालते हुए धालीवाल ने कहा कि यहां लोगों को विभिन्न दफ्तरों में भटकने की बजाय मौके पर ही न्याय मिलता है। जिन मामलों का समाधान तुरंत संभव नहीं होता, उन्हें बाद में प्राथमिकता के आधार पर पुलिस और सिविल प्रशासन द्वारा निपटाया जाता है। उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देश दिए कि जनता दरबार के ठोस परिणाम सुनिश्चित किए जाएं ताकि लोगों को वास्तविक राहत मिल सके।