अमृतसर, 11 अप्रैल ( जगदीप) – टिहरी क्रिकेट क्लब, अमृतसर द्वारा शहर में एक रोमांचक क्रिकेट टूर्नामेंट आयोजित किया गया, जिसमें विभिन्न टीमों ने बड़े उत्साह के साथ भाग लिया। इस टूर्नामेंट का आयोजन श्री साजन चौहान, श्री समीर गुसाईं (मुक्की) तथा प्रेमी नेगी की अगुवाई में किया गया। इस प्रतियोगिता में कुल आठ टीमों ने भाग लिया और सभी मैच बेहद प्रतिस्पर्धात्मक एवं रोमांचक रहे।
आज खेले गए फाइनल मुकाबले में बाबा क्रिकेट क्लब, अमृतसर और टिहरी गढ़वाल क्लब, अमृतसर के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिला। दोनों टीमों ने शानदार प्रदर्शन किया, जिससे मैच अंत तक रोमांच से भरपूर बना रहा। अंततः बाबा क्रिकेट क्लब, अमृतसर ने बेहतरीन खेल का प्रदर्शन करते हुए टूर्नामेंट का खिताब अपने नाम किया।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में गढ़वाल युवा भ्रातृ मंडल के प्रधान श्री मनमोहन सिंह नेगी उपस्थित रहे। उनके साथ महासचिव श्री भारत भूषण, श्री भगत सिंह कंडारी, श्री सूरज कोठारी, श्री राजेंद्र राणाकोटी तथा श्री श्याम सिंह पुंडीर सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति भी मौजूद रहे।
मुख्य अतिथि द्वारा विजेता एवं उपविजेता टीमों को सम्मानित किया गया तथा खिलाड़ियों की सराहना करते हुए उन्हें भविष्य में भी खेलों में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया गया। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के आयोजन युवाओं को नशों से दूर रखकर खेलों की ओर प्रेरित करते हैं।
अंत में आयोजकों द्वारा सभी अतिथियों एवं भाग लेने वाली टीमों का धन्यवाद किया गया।



