अमृतसर ,12 अप्रैल (गगन दीप): बॉलीवुड अभिनेत्री Priyanka Chopra एक बार फिर अपनी आस्था और विनम्रता का परिचय देते हुए Golden Temple पहुंचीं। फिल्म की शूटिंग पूरी करने के तुरंत बाद उन्होंने दरबार साहिब में मत्था टेका, गुरबाणी सुनी और लंगर हॉल में सेवा की।
देर रात पहुंचीं, भक्ति में डूबी दिखीं
जानकारी के अनुसार, प्रियंका चोपड़ा बीती रात करीब 12 बजे Golden Temple पहुंचीं। देर रात के बावजूद परिसर में शांत और आध्यात्मिक वातावरण था। उन्होंने पूरी श्रद्धा के साथ अरदास की और कुछ समय गुरबाणी सुनकर बिताया।
लंगर हॉल में की सेवा
मत्था टेकने के बाद प्रियंका ने लंगर हॉल का रुख किया, जहां उन्होंने करीब डेढ़ घंटे तक जूठे बर्तन धोने की सेवा की। इसके साथ ही उन्होंने अन्य कार्यों में भी सहयोग किया। सिख धर्म में यह सेवा समानता, विनम्रता और मानवता का प्रतीक मानी जाती है।
15 दिनों में दूसरा दौरा
बताया जा रहा है कि यह पिछले 15 दिनों के भीतर उनका दूसरा दौरा है। वह इन दिनों अमृतसर में अपनी आने वाली फिल्म की शूटिंग कर रही थीं और शूट खत्म होते ही सीधे दरबार साहिब पहुंचकर आशीर्वाद लिया।
सोशल मीडिया पर हो रही सराहना
प्रियंका चोपड़ा की इस सादगी और सेवा भाव की सोशल मीडिया पर खूब तारीफ हो रही है। फैंस उनके इस कदम को उनकी जड़ों से जुड़े होने और आध्यात्मिकता के प्रति उनके झुकाव का प्रतीक मान रहे हैं।
यह दौरा न केवल उनके धार्मिक विश्वास को दर्शाता है, बल्कि यह भी दिखाता है कि सफलता के शिखर पर पहुंचने के बाद भी वे अपनी परंपराओं और मूल्यों से जुड़ी हुई हैं।


