लुधियाना(ACN): कुछ समय पहले ही बर्लिन में स्पैशल ओलिम्पिक्स वर्ल्ड समर गेम्स 2023 का समापन हुआ है। इस दौरान पंजाब के 7 खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन कर 8 मैडल अपने नाम किए। बता दें, जीत का परचम फहराने वाले खिलाड़ी आज पंजाब वापिस लौट आए हैं, जिनका राज्यवासियों ने शानदार स्वागत किया।
जीते ये मैडल
मिली जानकारी के अनुसार, खिलाड़ियों ने विभिन्न स्पर्धाओं में 3 स्वर्ण, 1 रजत और 4 कांस्य मैडल हासिल किए।
खेल मंत्री ने दी बधाई
इस खास अवसर पर पंजाब के खेल मंत्री गुरमीत सिंह मीत हेयर ने सभी विजेता खिलाड़ियों को बधाई दी। इसी के साथ उन्होंने कहा कि उनकी जीत से पंजाबवासियों को गर्व है। उन्होंने कहा कि पंजाब के खिलाड़ियों ने स्पैशल ओलिम्पिक्स में जीत हासिल करके देश को गर्व महसूस करवाया है। आगे उन्होंने कहा कि इसमें महत्वपूर्ण बात है कि विशेष आवश्यकता वाले खिलाड़ियों ने अनेक कठिनाइयों का सामना करने के बावजूद अपनी मेहनत व लगन से देश के नाम मैडल किए।
ਬਰਲਿਨ ਸਪੈਸ਼ਲ ਓਲੰਪਿਕਸ ਵਰਲਡ ਸਮਰ ਗੇਮਜ਼- 2023 ਚ ਪੰਜਾਬ ਦੇ ਖਿਡਾਰੀਆਂ ਨੇ ਤਿੰਨ ਸੋਨੇ, ਇਕ ਚਾਂਦੀ ਤੇ ਚਾਰ ਕਾਂਸੀ ਦੇ ਤਮਗ਼ੇ ਜਿੱਤੇ। ਸਾਰੇ ਮੈਡਲ ਜੇਤੂਆਂ ਨੂੰ ਮੁਬਾਰਕਾਂ।ਮਾਣਯੋਗ ਮੁੱਖ ਮੰਤਰੀ ਭਗਵੰਤ ਮਾਨ ਜੀ ਦੀ ਸਰਕਾਰ ਪੈਰਾ ਸਪੋਰਟਸ ਦੇ ਨਾਲ ਸਪੈਸ਼ਲ ਓਲੰਪਿਕਸ/ਡੈਫ ਤੇ ਬਲਾਈੰਡ ਗੇਮਜ਼ ਦੇ ਖਿਡਾਰੀਆਂ ਨੂੰ ਵਿਸ਼ੇਸ਼ ਤਰਜੀਹ ਦੇ ਰਹੀ ਹੈ। pic.twitter.com/1hn96kkUwY
— Gurmeet Singh Meet Hayer (@meet_hayer) June 28, 2023
मंत्री जी ने कहा कि सीएम मान के आदेशों के मुताबिक खेल विभाग द्वारा तैयार की जा रही नई खेल नीति में पैरा खेलों के साथ स्पैशल ओलिम्पिक्स/ डैफ एंड ब्लाइंड गेम्स के खिलाड़ियों को खासतौर पर पहल दी है। खिलाड़ियों की इस शानदार जीत का श्रेय मंत्री ने उन्हें, उनके माता-पिता व कोचिंग स्टाफ को दिया है। इसी के साथ उन्होंने स्पैशल ओलिम्पिक्स पंजाब के सलाहकार डॉ. परमजीत सचदेवा के नेतृत्व की कोशिशों की भी तारीफ की।
इन खिलाड़ियों ने जीते पदक
आगे मंत्री जी ने बताया कि पंजाब के खिलाड़ियों ने रोलर स्केटिंग में एम.डी. निसार ने 1 स्वर्ण पदक, रेनू ने 2 कांस्य पदक और सीता ने 1 कांस्य पदक हासिल किया। इसी के साथ जतिंदर सिंह और हरजीत सिंह ने पारंपरिक फुटबॉल में स्वर्ण पदक, प्रिया देवी ने बास्केटबॉल में रजत और ज्योति कौर ने यूनिफाइड फुटबॉल में कांस्य पदक अपने नाम किया।
जानकारी के लिए बता दें, भारत की खेल टीम में पंजाब के कुल 9 सदस्य गए थे। इन लिस्ट में 7 विशेष खिलाड़ी, 1 यूनिफाइड पार्टनर और 1 कोच शामिल थे। इन 7 खिलाड़ियों ने रोलर स्केटिंग, यूनिफाइड और पारंपरिक फुटबॉल और बास्केटबॉल में 3 स्वर्ण, 1 रजत और 4 कांस्य पदक हासिल किए। वहीं पंजाब के 2 खिलाड़ी नवप्रीत सिंह और अंजना ने भी इन खेलों में भाग लिया था।