निजी रंजिश के चलते ढींगरा कॉलोनी में चली गोलियां, इलाके में दहशत
Amritsar के राम तीर्थ रोड स्थित ढींगरा कॉलोनी में बीती रात निजी रंजिश के चलते कुछ युवकों द्वारा अंधाधुंध फायरिंग किए जाने का मामला सामने आया है। इस दौरान एक युवक को गोली लग गई, जिसे गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल बन गया।
ढींगरा कॉलोनी निवासी लाल सिंह ने बताया कि दो दिन पहले अदालत में पेशी के दौरान “चीनी” नामक युवक के साथ पुरानी दुश्मनी को लेकर बहस हुई थी। उन्होंने आरोप लगाया कि रात करीब 9 बजे चीनी अपने साथियों सहित गाड़ियों में सवार होकर इलाके में पहुंचा और उनके बेटे व उसके दोस्तों को गली में खड़ा देखकर उन पर अंधाधुंध गोलियां चला दीं।
फायरिंग के दौरान जान बचाने के लिए सभी युवक इधर-उधर भागने लगे। इसी दौरान पाल एवेन्यू निवासी साहिल के सीने के पास गोली लग गई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती करवाया गया, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हमलावरों ने कई राउंड फायर किए, जिनके निशान आसपास के घरों की दीवारों पर भी मिले हैं। गोलीबारी के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और लोग डर के कारण घरों से बाहर नहीं निकले।
इलाका निवासियों ने बताया कि जिस जगह पर फायरिंग हुई, वहां अक्सर बच्चे खेलते रहते हैं। उन्होंने कहा कि यदि उस समय बच्चे वहां मौजूद होते तो कोई बड़ा हादसा हो सकता था। लोगों ने पुलिस प्रशासन से इलाके में सुरक्षा बढ़ाने और आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने की मांग की है।
मौके पर पहुंचे एएसआई मनजीत सिंह ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और मौके से गोलियों के खोल बरामद किए गए हैं। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। उन्होंने बताया कि घायल साहिल की हालत गंभीर होने के कारण उसका बयान अभी दर्ज नहीं किया जा सका है। बयान दर्ज होने के बाद आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


