अमृतसर, 6 मई: अमृतसर के अटारी बॉर्डर मार्ग पर स्थित सेना के खासा हेडक्वार्टर के CP-7 गेट के बाहर ब्लास्ट होने की सूचना सूत्रों के हवाले से सामने आई है। हालांकि इस मामले में अभी तक सेना की ओर से किसी भी प्रकार की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है, लेकिन सूत्रों के अनुसार इलाके में धमाके जैसी घटना हुई है।
घटना के बाद इलाके में सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गई हैं और पूरे क्षेत्र की जांच की जा रही है। पुलिस और अन्य सुरक्षा एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि ब्लास्ट किसने और किस मकसद से किया। फिलहाल मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच आगे बढ़ाई जा रही है।
बताया जा रहा है कि जिस स्थान के बाहर यह घटना हुई, वह सेना का संवेदनशील इलाका माना जाता है और अटारी बॉर्डर की तरफ जाने वाले प्रमुख मार्ग पर स्थित है। घटना के बाद आसपास सुरक्षा बढ़ा दी गई है और आने-जाने वाले वाहनों की भी जांच की जा रही है।
गौरतलब है कि इससे पहले भी अमृतसर के कई पुलिस थानों के बाहर ब्लास्ट की घटनाएं सामने आ चुकी हैं, जिनकी जांच अभी विभिन्न एजेंसियों द्वारा की जा रही है। ऐसे में ताजा घटना ने सुरक्षा एजेंसियों की चिंता बढ़ा दी है।
फिलहाल पुलिस अधिकारियों की ओर से आधिकारिक बयान आने का इंतजार किया जा रहा है। सुरक्षा एजेंसियां इलाके के सीसीटीवी फुटेज खंगालने और आसपास मौजूद लोगों से पूछताछ करने में जुटी हैं।


