मोहाली सहित कई ठिकानों पर कार्रवाई, अधिकारियों और बिचौलियों से पूछताछ तेज
चंडीगढ़, 12 मई (गगनदीप): पंजाब में मंगलवार को उस समय हड़कंप मच गया जब केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) की टीम ने मोहाली स्थित पंजाब विजिलेंस ब्यूरो कार्यालय समेत कई ठिकानों पर अचानक छापेमारी की। यह कार्रवाई कथित करोड़ों रुपये के रिश्वत और भ्रष्टाचार मामले को लेकर की गई, जिसमें विजिलेंस विभाग के कुछ अधिकारियों, कर्मचारियों और बिचौलियों के नाम सामने आने की चर्चा है।
सूत्रों के अनुसार CBI की टीम सुबह से ही मोहाली स्थित विजिलेंस दफ्तर पहुंच गई थी और कई घंटों तक रिकॉर्ड खंगालती रही। टीम ने कुछ महत्वपूर्ण दस्तावेज, इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस और फाइलें अपने कब्जे में ली हैं। बताया जा रहा है कि इस मामले में कुछ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ भी की जा रही है।
जानकारी के मुताबिक यह पूरा मामला एक कथित रिश्वत डील से जुड़ा हुआ है, जिसमें विजिलेंस विभाग के जरिए केसों में राहत दिलाने के नाम पर बड़ी रकम मांगे जाने के आरोप लगे हैं। जांच एजेंसियों को शुरुआती जांच में कुछ वित्तीय लेन-देन और संदिग्ध संपर्कों के सुराग मिले हैं, जिसके बाद यह बड़ी कार्रवाई की गई।
CBI की इस रेड के बाद पंजाब के प्रशासनिक और राजनीतिक गलियारों में भी हलचल तेज हो गई है। विपक्षी दलों ने इसे राज्य में बढ़ते भ्रष्टाचार का बड़ा उदाहरण बताते हुए सरकार को घेरा है। वहीं आम आदमी पार्टी के नेताओं ने केंद्र सरकार पर जांच एजेंसियों के राजनीतिक इस्तेमाल के आरोप लगाए हैं।
उधर, CBI अधिकारियों ने फिलहाल मामले में ज्यादा जानकारी साझा नहीं की है, लेकिन सूत्रों का कहना है कि आने वाले दिनों में इस केस में कई बड़े खुलासे हो सकते हैं। पंजाब विजिलेंस विभाग के कुछ अधिकारियों की भूमिका भी जांच के घेरे में बताई जा रही है।
राज्यभर में इस कार्रवाई को लेकर चर्चाओं का दौर जारी है और सभी की नजर अब CBI की अगली कार्रवाई पर टिकी हुई है।



