spot_imgspot_img

Top 5 This Week

spot_img

Related Posts

विजिलेंस ब्यूरो पंजाब की बड़ी कार्रवाई

 

15 हजार रुपये रिश्वत लेते बीडीपीओ रंगे हाथ गिरफ्तार

चंडीगढ़, 6 मई: पंजाब विजिलेंस ब्यूरो ने राज्य में भ्रष्टाचार के खिलाफ चल रही मुहिम के तहत जिला लुधियाना के ब्लॉक मलौद में तैनात ब्लॉक विकास एवं पंचायत अधिकारी (बीडीपीओ) सुखजीत कौर को 15 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है।

इस संबंध में जानकारी देते हुए विजिलेंस ब्यूरो के प्रवक्ता ने बताया कि उक्त अधिकारी को गांव सोहियां, जिला लुधियाना के एक निवासी द्वारा दर्ज करवाई गई शिकायत के आधार पर गिरफ्तार किया गया। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि गांव सोहियां में प्रस्ताव पास कर गली में इंटरलॉक टाइलें लगाने और ड्रेन निर्माण का काम करवाया गया था। इस कार्य के बिल पास करवाने के लिए जब वह बीडीपीओ सुखजीत कौर के पास पहुंचा तो अधिकारी ने बिल पास करने के बदले 15 हजार रुपये रिश्वत की मांग की।

शिकायतकर्ता के अनुसार, मजबूरी में उसे मौके पर ही 5 हजार रुपये रिश्वत के तौर पर देने पड़े, जबकि बीडीपीओ ने बाकी 10 हजार रुपये जल्द देने के लिए दबाव बनाया।

इसके अलावा शिकायतकर्ता ने बताया कि कार्यकारी इंजीनियर लुधियाना द्वारा बीडीपीओ मलौद को पत्र जारी कर गांव सोहियां में खेल मैदान के उद्घाटन से पहले दो दिनों के भीतर ग्राम पंचायत स्तर पर जमीन समतल करवाने के निर्देश दिए गए थे। इस पर ग्राम पंचायत ने अपने खर्चे पर खेल मैदान को समतल करवाया।

जब शिकायतकर्ता ने खेल मैदान को समतल करने तथा जमीन में घास और पौधे लगाने के कार्यों के बिल पास करवाने की बात की, तब भी आरोपी बीडीपीओ ने 15 हजार रुपये रिश्वत की मांग की। शिकायतकर्ता ने रिश्वत मांगने की पूरी बातचीत रिकॉर्ड कर ली थी।

गैरकानूनी रिश्वत देने से इनकार करते हुए शिकायतकर्ता ने विजिलेंस ब्यूरो यूनिट लुधियाना से संपर्क किया। प्रारंभिक जांच के बाद विजिलेंस टीम ने दो सरकारी गवाहों की मौजूदगी में आरोपी बीडीपीओ सुखजीत कौर को शिकायतकर्ता से 15 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया।

विजिलेंस ब्यूरो थाना लुधियाना में आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निरोधक कानून के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। मामले की आगे की जांच जारी है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Popular Articles