कैंप के दिन सभी बी.एल.ओ. अपने-अपने पोलिंग बूथों पर उपस्थित रहकर मतदाताओं की सहायता करेंगे
अमृतसर, 01 जून ( गगनदीप ) – श्री दलविंदरजीत सिंह, आई.ए.एस., जिला चुनाव अधिकारी-कम-उपायुक्त ने जानकारी देते हुए बताया कि एस.आई.आर. के तहत जिला अमृतसर में कुल 19,71,604 मतदाताओं में से अब तक 17,38,253 मतदाताओं (88.16 प्रतिशत) की मतदाता सूची-2003 के साथ मैपिंग सफलतापूर्वक की जा चुकी है। जबकि जिले के 2,33,351 मतदाता अभी भी अनमैप्ड हैं, जिन्हें कवर करना अत्यंत आवश्यक है।
जिला चुनाव अधिकारी श्री दलविंदरजीत सिंह ने बताया कि मुख्य चुनाव अधिकारी, पंजाब के निर्देशों के अनुसार मतदाता सूची-2003 के वर्तमान मतदाताओं की मैपिंग के कार्य को तेजी से पूरा करने के लिए जिला अमृतसर में 7 जून 2026 (रविवार) को प्रातः 10:00 बजे से सायं 4:00 बजे तक एक विशेष कैंप आयोजित किया जाएगा। इस विशेष अभियान का मुख्य उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि जिले का कोई भी पात्र मतदाता इस प्रक्रिया से वंचित न रहे।
उन्होंने बताया कि कैंप के दिन सभी बूथ लेवल अधिकारी (बी.एल.ओ.) अपने-अपने निर्धारित मतदान केंद्रों पर उपस्थित रहेंगे तथा मतदाताओं की सहायता करेंगे। वर्ष 2003 की मतदाता सूची के आधार पर मतदाताओं की मैपिंग की सुविधा के लिए नागरिक अपने मतदान केंद्र पर जाकर इस सुविधा का लाभ उठा सकते हैं।
जिला चुनाव अधिकारी ने सभी मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों तथा उनके बूथ लेवल एजेंटों (बी.एल.ए.) से भी अपील की है कि वे इस एक दिवसीय विशेष कैंप को सफल बनाने के लिए पूरा सहयोग दें। जिला प्रशासन, अमृतसर ने समस्त जिला निवासियों से अपील की है कि वे इस विशेष कैंप का अधिक से अधिक लाभ उठाएं तथा अपनी मतदाता पात्रता सुनिश्चित करें।



