“मेरा बूथ सबसे मजबूत” अभियान के तहत बैठकों का आयोजन
अमृतसर,6 मई (गगनदीप ) भारतीय जनता पार्टी के हलका उत्तरी से नेता अक्षय शर्मा द्वारा “मेरा बूथ सबसे मजबूत” अभियान के तहत गांडा सिंह वाला और आसपास के इलाकों में एक प्रभावशाली बैठक का आयोजन किया गया। इस मौके पर बड़ी संख्या में क्षेत्र के निवासी, युवा और बूथ कार्यकर्ता उपस्थित रहे। अक्षय शर्मा ने अपने संबोधन में कहा कि शहर की असली ताकत मेहनतकश लोग हैं। “आप ही इस शहर की रीढ़ की हड्डी हैं। आपकी मेहनत से ही यह सिस्टम चलता है। अगर आप रुक जाएं, तो शहर रुक जाता है,” उन्होंने कहा। उन्होंने कहा कि आज तक लोगों के असली मुद्दों को नजरअंदाज किया गया है। “सड़कें, सीवर और लाइट लगाना ही विकास नहीं है। असली विकास वह है, जहां आम इंसान को बेहतर इलाज, बच्चों को शिक्षा और युवाओं को रोजगार मिले,” उन्होंने जोर देते हुए कहा। सरकारी स्वास्थ्य व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए अक्षय शर्मा ने कहा कि आज भी गरीब मरीजों को दवाइयां बाहर से खरीदनी पड़ती हैं और कई बार टेस्ट के पैसे न होने के कारण बिना इलाज के ही वापस जाना पड़ता है। युवाओं को संदेश देते हुए उन्होंने कहा कि दसवीं के बाद के पांच साल जीवन की दिशा तय करते हैं। “जो इस समय को पढ़ाई में लगाता है, वह आगे बढ़ता है, नहीं तो कम वेतन वाली नौकरियों में फंस जाता है। आज 20-50 हजार रुपये की सैलरी में भी घर चलाना मुश्किल है,” उन्होंने कहा। उन्होंने बेरोजगारी और नशे के मुद्दे पर चिंता जताते हुए कहा कि युवाओं को सही दिशा देने के लिए नए उद्योग, फैक्ट्रियां और रोजगार के अवसर पैदा करना जरूरी है। अक्षय शर्मा ने लोगों से अपील की कि जब भी कोई नेता वोट मांगने आए, तो उससे सवाल जरूर पूछें। “रोजगार, शिक्षा, स्वास्थ्य और सुरक्षा पर सवाल पूछना आपका अधिकार है,” उन्होंने कहा। उन्होंने वोट के महत्व पर जोर देते हुए कहा, “आपकी वोट आपकी इज्जत है। यह एक दिन का नहीं, बल्कि पांच साल का फैसला होता है। इसे कभी भी छोटे लाभों के लिए न बेचें।” अंत में उन्होंने कहा कि एक विकसित परिवार, विकसित मोहल्ला और विकसित क्षेत्र मिलकर ही एक मजबूत और विकसित अमृतसर की नींव रखते हैं।
“मेरा बूथ सबसे मजबूत” अभियान के तहत अक्षय शर्मा द्वारा आनंद एवेन्यू, प्रीत नगर और हलका उत्तरी के अन्य क्षेत्रों में भी बैठकों का आयोजन किया गया। इस दौरान पावन कुमार हैप्पी सरपंच, समदिश महाजन, अभे सूरी, सूरज वधवा, दिलबाग सिंह, राजपाल सिंह, बित्तू प्रधान, कुलवंत सिंह, बेबी, राम कृष्ण सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।



