अमृतसर, 24 अगस्त : पंजाब सरकार द्वारा युवाओं को खेलों से जोड़ने और गांवों में खेल सुविधाओं को मजबूत करने की दिशा में लगातार काम किया जा रहा है। इसी कड़ी में विधानसभा हलका अजनाला के आठ गांवों में तैयार किए गए खेल स्टेडियमों का उद्घाटन विधायक कुलदीप सिंह धालीवाल ने किया। इसके साथ ही गुज्जरपुरा और बलड़वाल गांवों में हेल्थ एंड वेलनेस केंद्रों के निर्माण के लिए नींव पत्थर भी रखे गए।
विधायक धालीवाल ने बताया कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान द्वारा अजनाला हलके के लिए 36 खेल स्टेडियम मंजूर किए गए थे, जिनमें करीब 30 का निर्माण पूरा हो चुका है। उन्होंने कहा कि गांवों में आधुनिक खेल सुविधाएं उपलब्ध करवाना सरकार की प्राथमिकता है। इससे युवाओं को खेलों से जोड़ने के साथ उन्हें नशे से दूर रखने में भी मदद मिलेगी।
उन्होंने बताया कि सेंसर कलां में 38.41 लाख, झंडेर में 35.12 लाख, खतराए कलां में 25.58 लाख, कामलपुरा में 34.87 लाख, चमियारी में 43.43 लाख, धारीवाल कलेर में 40.14 लाख, गुज्जरपुरा में 33.83 लाख और तलवंडी नाहर में 41.44 लाख रुपये की लागत से खेल स्टेडियम तैयार किए गए हैं।
धालीवाल ने कहा कि प्रदेश में 3100 से अधिक खेल मैदान विकसित करने का लक्ष्य है। पहले चरण में 255 मैदानों का उद्घाटन हो चुका है, जबकि 500 और खेल मैदान लोगों को समर्पित किए जा रहे हैं।


